प्री डीएलएड परीक्षा की उत्तर कुंजी में संशोधन, परिणाम 5 अगस्त को

रायपुर। पंडित सुंदर लाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्री डीएलएड परीक्षा 20 जुलाई 2025 को संपन्न हुई थी। परीक्षा के बाद जारी मॉडल उत्तर पर अभ्यर्थियों ने कई सवालों को लेकर दावा-आपत्ति दर्ज कराई थी। विश्वविद्यालय ने आपत्तियों की समीक्षा करते हुए अब अंतिम मॉडल उत्तर कुंजी जारी कर दी है।
अंतिम उत्तर कुंजी में कई प्रश्नों को विलोपित किया गया है, वहीं कुछ प्रश्नों के उत्तरों में संशोधन किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परीक्षार्थियों की आपत्तियों पर विशेषज्ञ समिति द्वारा गंभीरता से विचार करने के बाद यह संशोधन किया गया है।
परीक्षा परिणाम (अनंतिम सूची) की घोषणा 5 अगस्त 2025 को की जाएगी। इसके बाद अंतिम प्रावीण्यता सूची का प्रकाशन 14 अगस्त 2025 को होगा।
विश्वविद्यालय ने परीक्षार्थियों से आग्रह किया है कि वे नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।






