रायगढ़ में फरार आरोपी चंद्रकांत निषाद गिरफ्तार, हत्या और एनडीपीएस के मामले में जेल भेजा गया

रायगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास और मादक पदार्थों से जुड़े गंभीर मामलों में फरार चल रहे चंद्रकांत निषाद उर्फ बाबू (28), निवासी इंदिरा नगर, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार, एक्टिवा बाइक और बस का डंडा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। चंद्रकांत पर थाना कोतवाली में हत्या के प्रयास का मामला (अपराध क्रमांक 359/2025) और एनडीपीएस एक्ट का अपराध (क्रमांक 472/2025, धारा 22, 29) दर्ज था।
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को जोगीडीपा निवासी गोविंदा सारथी और उनके साथी सचिन यादव रामझरना से लौट रहे थे। महिंद्रा शोरूम के पास चंद्रकांत और उसके साथियों ने गाड़ी रोककर पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया। इस दौरान गोविंदा सारथी को चाकू से गंभीर रूप से घायल किया गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चंद्रकांत उड़ीसा से नशीली दवाएं लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पहले उसकी महिला सहयोगी रुखसार सारथी को गिरफ्तार किया जा चुका है। चक्रधरनगर पुलिस ने धीरज बरेठ को भी नशीली इंजेक्शन बेचते पकड़ा था, जिसने पूछताछ में चंद्रकांत और उड़ीसा निवासी अशोक अग्रवाल को सप्लायर के रूप में उजागर किया।












