रायगढ़ : लापता युवक की खेत में मिली लाश, क्षेत्र में सनसनी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक खेत से 5 दिनों से लापता युवक का शव मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया है।
खेत में ग्रामीणों को दिखा शव
बुधवार को खेत से धान काटकर लौट रही महिलाओं ने एक युवक की लाश देखी। इसकी जानकारी तुरंत ग्रामीणों तक पहुँची और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
26 वर्षीय युवक था 5 दिनों से गायब
मृतक की पहचान बलभद्रपुर निवासी जयराम राठिया (26) के रूप में हुई है, जो ट्रैक्टर चालक था। जयराम पिछले शुक्रवार को घर से काम पर निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। अंततः गुमशुदगी की रिपोर्ट चक्रधर नगर थाने में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
युवक की लाश मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी आशंका सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।












