रायगढ़ में मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन भवन निर्माण का भूमिपूजन आज, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आधार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। जिले में कॉर्पोरेशन के नए भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम 3 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ के ऑडिटोरियम में संपन्न होगा।
स्वास्थ्य मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
इस कार्यक्रम में प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कई जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, सीजीएमएससी लिमिटेड के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) दीपक महस्के, जिला पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल तथा नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दवा और उपकरण आपूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत
माना जा रहा है कि यह भवन निर्माण परियोजना जिले में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगी। इससे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों तक आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तेज और व्यवस्थित होगी, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
जिला प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।






