
रायगढ़। रायगढ़ जिले में पदस्थ रहे निरीक्षक अमित शुक्ला के आकस्मिक निधन पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे रायगढ़ और पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
वित्त मंत्री ने शोक संदेश में कहा कि निरीक्षक अमित शुक्ला का अचानक निधन हृदय को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ ने एक सच्चा प्रहरी खो दिया है। एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और जनता के प्रति समर्पित पुलिस अधिकारी का इस तरह अचानक चले जाना पूरे जिले के लिए दुखद है।
जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए रहे पहचान
ओपी चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय अमित शुक्ला ने अपने सेवाकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। उनका सहज व्यवहार, कार्यशैली और कर्तव्य के प्रति समर्पण लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना
वित्त मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।






