पीएम मोदी ने अधिकारियों से कहा- सरकार युवा, गतिशील और भविष्य की सोच वाली होनी चाहिए

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अहम आर्थिक मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार के कामकाज में युवाओं की भागीदारी, नवाचार और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नीतियां बनाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार हमेशा युवा, गतिशील और भविष्य की सोच रखने वाली होनी चाहिए, जो तेजी से बदलती परिस्थितियों और नई चुनौतियों के अनुसार खुद को ढाल सके।
युवा उद्यमियों और कौशल विकास पर जोर
वित्त, वाणिज्य, उद्योग और प्रौद्योगिकी से जुड़े मंत्रालयों के सचिवों एवं अधिकारियों के साथ हुई बैठक में प्रधानमंत्री ने उभरते क्षेत्रों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों को उद्योग जगत से संवाद कर ऐसे प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार कौशल मिल सके।
स्किल गैप दूर करने की जरूरत
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि देश में बड़ी संख्या में इंजीनियर, प्रोफेशनल और स्नातक तैयार हो रहे हैं, लेकिन उद्योगों की जरूरतों के अनुसार कौशल की कमी अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रधानमंत्री ने शिक्षा और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया।
भ्रामक सूचनाओं से निपटने का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने रणनीतिक क्षेत्रों में सरकार की पहलों को लेकर फैलने वाली गलत सूचनाओं और भ्रम को दूर करने के लिए प्रभावी संवाद की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि बड़े बदलावों और नीतियों की जानकारी जनता तक सही तरीके से पहुंचनी चाहिए।
नागरिकों को केंद्र में रखकर हो शासन
पीएम मोदी ने अधिकारियों से कहा कि हर नीति और निर्णय के केंद्र में नागरिकों का हित होना चाहिए। उन्होंने सुधारों को लगातार चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए कार्य संस्कृति में सुधार, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और संस्थागत क्षमता मजबूत करने पर बल दिया।







