Medical College Raigarh : स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी

रायगढ़। मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। करीब 62 इंटर्न डॉक्टर धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ में मिलने वाला स्टाइपेंड अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है, इसलिए लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री से हुई बैठक, नहीं निकला समाधान
बुधवार को इंटर्न डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग रखी। बैठक में सकारात्मक आश्वासन मिला, लेकिन कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। इसके बाद डॉक्टरों ने नारेबाजी करते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि कई बार मांग रखने के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया है। इसी कारण उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जब तक स्टाइपेंड बढ़ाने का निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वरिष्ठ डॉक्टरों का भी मिल रहा समर्थन
इंटर्न डॉक्टर राधेश्याम ने बताया कि सरकार की ओर से जल्द उचित निर्णय लेने का आश्वासन मिला है, लेकिन फिलहाल कोई सहमति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि आंदोलन को कई वरिष्ठ और सेवानिवृत्त डॉक्टरों का भी समर्थन मिल रहा है।







