रायगढ़ : छाल में जिला भाजपा की मासिक बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक कार्यों की हुई समीक्षा
रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला रायगढ़ की मासिक बैठक धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के छाल मंडल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, पिछले कार्यों की समीक्षा करने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की।

‘बूथ तक संगठन को मजबूत करना लक्ष्य’
बैठक में जिला भाजपा प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की ताकत बूथ स्तर पर है। मंडल अध्यक्ष और प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हों। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद और प्रवास बढ़ाने पर भी जोर दिया।
जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि आगामी तिरंगा यात्रा, संत रविदास जयंती सहित अन्य कार्यक्रमों को उत्सव के रूप में मनाते हुए जनभागीदारी बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाकर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को जोड़ा जाना चाहिए।

संगठनात्मक कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्षों ने पिछले माह किए गए संगठनात्मक कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
जिला महामंत्री विकास केड़िया ने कार्यक्रमों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए प्रत्येक कार्यक्रम की जिम्मेदारी तय करने की बात कही। वहीं जिला महामंत्री जतिन साव ने कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुटने का आह्वान किया।
पालक प्रभारियों की भी हुई बैठक
बैठक के दूसरे चरण में मंडलों के पालक प्रभारियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा, मंडलवार तैयारियों और कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पालक प्रभारियों को जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान, धरमजयगढ़ विधानसभा प्रभारी सुरेंद्र बिसरा, जिला महामंत्री विकास केड़िया एवं जतिन साव सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष और पालक प्रभारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सत्यानंद राठिया, जीवर्धन चौहान, सुनीति राठिया, डिग्रिलाल साहू, सतीश बेहरा, गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडे, रथू गुप्ता, अरुण राय, अरुण कातोरे, गोकुल यादव, बिलिस गुप्ता, पवन शर्मा, पवन अग्रवाल, रीना भगत, गायत्री केरवानी, स्नेहलता सिदार, शांता साय, नीलम रंजू संजय, दिबेस सोलंकी, मधुलता पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री जतिन साव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन छाल मंडल अध्यक्ष डोल पटेल ने किया।









