रायगढ़

ससुराल से घर लौट रहा युवक पेड़ से टकराया, इलाज के दौरान मौत

Advertisement

कार अनियंत्रित होने से हुआ हादसा, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था उपचार

रायगढ़। ससुराल से कार में सवार होकर अपने गांव लौट रहे 33 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा छाल थाना क्षेत्र के काफरमार के आगे हुआ, जहां उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

पत्नी के मायके आया था युवक

जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर निवासी अशोक पटेल (33) खेती-किसानी का काम करता था। बताया गया कि शराब सेवन को लेकर उसका पत्नी से विवाद रहता था, जिसके चलते उसकी पत्नी कुछ दिनों से अपने मायके ग्राम दर्रामुड़ा में रह रही थी।

19 सितंबर को अशोक पटेल कार लेकर अपनी ससुराल दर्रामुड़ा पहुंचा था। दिनभर वहां रुकने के बाद शाम के समय उसने पत्नी से पैसे मांगे। पैसे नहीं मिलने पर वह अकेले ही कार से अपने गांव रामपुर के लिए रवाना हो गया।

काफरमार के आगे पेड़ से टकराई कार

बताया गया कि छाल थाना क्षेत्र में ग्राम काफरमार से आगे पहुंचने के बाद उसकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अशोक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

खरसिया के बाद रायगढ़ किया गया रेफर

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की मदद से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे खरसिया रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने स्थिति को देखते हुए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

रात करीब 8 बजे उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन करीब रात 11:30 बजे अस्पताल पहुंचे और इसके बाद से उसका उपचार वहीं चल रहा था।

बुधवार रात उपचार के दौरान तोड़ा दम

कई दिनों तक उपचार के बाद बुधवार रात करीब 10 बजे अशोक पटेल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार को चक्रधरनगर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button