युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री साय

एनएसएस राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में बोले सीएम साय, सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के संस्कार युवाओं को बनाते हैं सक्षम
रायपुर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
एनएसएस स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री गुरुवार को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एनएसएस स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवा कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।
समाज सेवा से युवाओं में विकसित होते हैं नेतृत्व के गुण
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एनएसएस देश के लाखों युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला व्यापक अभियान बन चुका है। एनएसएस से जुड़कर युवा समाज की समस्याओं और आसपास की परिस्थितियों को संवेदनशीलता से समझना सीखते हैं। लोगों की समस्याओं को जानना, जिम्मेदारी लेना, टीम के साथ काम करना और समाधान के लिए आगे बढ़ना युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
छोटे प्रयास भी बन सकते हैं बड़े बदलाव की वजह
सीएम साय ने कहा कि सेवा के किसी भी कार्य को छोटा नहीं समझना चाहिए। गांव में स्वच्छता अभियान चलाना, जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करना, पौधरोपण और उसकी देखभाल, जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना या किसी व्यक्ति को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना जैसे छोटे प्रयास भी समाज में बड़े बदलाव की नींव बन सकते हैं।
‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने युवाओं से आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से प्रदेश में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस और सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना सेवा से जुड़ी है। दोनों का उद्देश्य लोगों को स्वयं आगे बढ़कर सेवा कार्य करने और समाज के अन्य लोगों को भी इससे जोड़ने के लिए प्रेरित करना है।
शिक्षा से लेकर रोजगार और खेल तक अवसर बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत प्रदेश के युवा हैं। सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप शिक्षा, शासकीय सेवा, रोजगार, उद्यमिता, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार करने की दिशा में काम कर रही है।
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता पर सरकार का जोर
सीएम साय ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर युवाओं का भरोसा मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में नकल और अनुचित साधनों को रोकने के लिए सख्त व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि योग्य युवाओं को उनकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर अवसर मिल सके।






