रायगढ़

Raigarh Crime News : चंद्रहासिनी इस्पात प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे 39 टन लोहे में 5 टन की हेराफेरी, गैरेज से दो क्वायल बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

ट्रक से उतारकर गैरेज में छिपाए गए थे लोहे के दो बंडल, पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये का माल किया बरामद; चालक ने भाई के नाम पर दस्तावेजों का किया था इस्तेमाल

रायगढ़। गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड से रायपुर भेजे जा रहे करीब 39 टन लोहे में से 5 टन माल की हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतारकर एक गैरेज में छिपा दिए थे। मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये कीमत के लोहे के क्वायल बरामद किए हैं।

धर्मकांटा में वजन कराने पर सामने आई गड़बड़ी

पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को चंद्रहासिनी इस्पात के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय (28) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को प्लांट से रायपुर स्थित पवन पुत्र ट्यूब्स के लिए ट्रक में 38.900 टन लोहा लोड कर रवाना किया गया था।

11 सितंबर को ट्रक चालक मुरली साहू रायपुर पहुंचा। वहां धर्मकांटा में वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम पाया गया। इसके बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

भाई के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर निकाला ट्रक

जांच के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को चालक मुरली साहू को गेरवानी क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मुरली ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने (30), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर को अपना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे।

पुलिस ने मुरली को जानबूझकर दस्तावेज उपलब्ध कराने और अपराध में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इसके बाद चेतन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

हरिओम गैरेज में छिपाए गए थे लोहे के क्वायल

पुलिस के अनुसार, चेतन ने पूछताछ में बताया कि रायगढ़ में उसकी मुलाकात अजीत पेट्रोल पंप के पास स्थित हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता (25), निवासी बाईपास रोड दरोगामुड़ा से हुई थी। दोनों ने मिलकर बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतारकर बाद में बेचने की योजना बनाई थी।

इसी योजना के तहत 9 सितंबर को चेतन ने अपने भाई मुरली के ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल कर प्लांट से ट्रक निकाला और रास्ते में लोहे के दोनों क्वायल उतार दिए। बाद में संतोष ने उन्हें हरिओम गैरेज में छिपा दिया।

करीब 5 लाख रुपये का माल बरामद

चेतन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हरिओम गैरेज में दबिश देकर संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गैरेज से करीब 5 टन वजन के लोहे के दो क्वायल बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button