25 करोड़ की कथित रंगदारी मामले में फरार शोएब ढेबर से संपर्क के आरोप, इंस्पेक्टर विनीत दुबे निलंबित

गिरफ्तारी की गोपनीय रणनीति लीक होने के मामले में कार्रवाई, निलंबन अवधि में नारायणपुर रक्षित केंद्र रहेगा मुख्यालय
छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में गोपनीय सूचनाएं लीक होने के मामले में एक और कार्रवाई हुई है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर से संपर्क और सांठगांठ के आरोपों के बीच पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
गिरफ्तारी की गोपनीय रणनीति लीक होने का आरोप
पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर आरोपी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन वह अब तक पकड़ में नहीं आया है।
जांच के दौरान आरोप सामने आया कि शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए पुलिस ने गोपनीय रणनीति तैयार की थी, लेकिन इसकी जानकारी पहले ही लीक हो गई। इसके चलते खम्हारडीह क्षेत्र में पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। घटना के बाद पुलिस विभाग के भीतर गोपनीय सूचनाएं लीक होने के मामले की जांच शुरू की गई।
जांच में विनीत दुबे की भूमिका संदेह के घेरे में
गोपनीय जानकारी बाहर पहुंचने के मामले की पड़ताल के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे की भूमिका पर सवाल उठे। इसके बाद अधिकारियों ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र नारायणपुर निर्धारित किया गया है। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी दो आरक्षक हो चुके हैं निलंबित
इस मामले में पुलिस विभाग पहले भी कार्रवाई कर चुका है। इससे पहले एसीसीयू में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को निलंबित किया गया था। दोनों पर भी फरार आरोपी से जुड़े मामले में गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप लगे थे।
14 सितंबर को मिली थी 25 करोड़ रुपये की धमकी
मामले की शुरुआत 14 सितंबर को हुई थी। उस दिन कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी मिली थी। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर उनसे 25 करोड़ रुपये की मांग की थी। इसी मामले में शोएब ढेबर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है।





