सूरजपुर में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा, एक युवक की मौत, छह घायल

सूरजपुर। जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र के ग्राम पालकेवरा में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पालकेवरा में कुछ लोग पंचायत सचिव के पास दस्तावेज अपडेट कराने पहुंचे थे। इसी दौरान सभी लोग पेड़ के नीचे खड़े थे। अचानक दोपहर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और यह हादसा हो गया।
घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में से चार को तत्काल कोरिया जिले के सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं दो बच्चों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
मौसम विभाग का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को पूरे प्रदेश में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
इसी कड़ी में सोमवार को रायपुर और रायगढ़ में दोपहर के समय बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। सबसे अधिक 60 मिमी बारिश तोंगपाल क्षेत्र में दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर जिले में अब तक सबसे ज्यादा और बेमेतरा जिले में सबसे कम वर्षा दर्ज की गई है।
प्रशासन की अपील
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। सुरक्षा उपायों को अपनाकर ही घरों से बाहर निकलें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।












