कोलबिरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवाओं की मौत, 33 जिलों में यलो अलर्ट

सुंदरगढ़। जिले के कोलबिरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। दोनों के शव पेड़ के नीचे मिले। मृतक युवक की पहचान अंडी गांव निवासी कमलेश प्रजापति के रूप में हुई है, जबकि युवती मझगवा गांव की रहने वाली थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों शुक्रवार शाम से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, तभी जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने शनिवार को दोनों के शव देखे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान दोनों पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी वे बिजली की चपेट में आ गए।
इस बीच मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, अब तक प्रदेश में 1018.5 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो औसत से 2 प्रतिशत कम है। अगस्त को छोड़ दें तो इस साल मानसून सामान्य रहा है।












