बेरोजगारी से परेशान युवक ने जहर खाकर दी जान

इलाज के दौरान अस्पताल में मौत, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में शराब के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मृतक लंबे समय से बेरोजगारी से परेशान था और पिछले एक सप्ताह से काम की तलाश में भटक रहा था।
पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हट्टापाली निवासी रेशम कुमार निषाद पिता सोमनाथ निषाद (उम्र 29 वर्ष) मंगलवार शाम शराब का सेवन कर घर लौटा। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि शराब के साथ किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है।
आनन-फानन में परिजनों ने उसे बरमकेला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रायगढ़ रेफर कर दिया। देर रात उसे मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का बयान
परिजनों ने बताया कि रेशम कुमार पिछले सप्ताह भर से काम की तलाश में इधर-उधर भटक रहा था। मंगलवार की सुबह भी वह काम खोजने के बहाने घर से निकला था और शाम को उसने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पुलिस की कार्रवाई
अस्पताल से मिली तहरीर पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वास्तविक कारण का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।












