बलौदा : बिरगहनी गांव में अनियंत्रित ट्रेलर दुकान में घुसा, एक की मौत, दूसरा बाल-बाल बचा

बलौदा क्षेत्र के बिरगहनी गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर अचानक सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा और वहीं पलट गया। दुर्घटना में दुकान के भीतर मौजूद दो भाइयों में से बड़े भाई रामभरोस कुर्रे की ट्रेलर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई ओमप्रकाश कुर्रे चमत्कारिक रूप से बच गया। उसे मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेलर के नीचे फंसे रामभरोस को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने घटना के बाद ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर दीपका (कोरबा) से बिलासपुर की ओर जा रहा था, तभी बिरगहनी में चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन दुकान में जा घुसा। मामले की जांच जारी है।












