नाबालिगों को नशीला सुलेशन बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । जिले में नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो नाबालिगों को सुलेशन (नशीला पदार्थ) बेचता था। आरोपी की पहचान शेख अहसान उद्दीन कादरी (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को जूटमिल पुलिस को सूचना मिली थी कि शेख अहसान उद्दीन कादरी अपनी बाइक की डिक्की में सुलेशन ट्यूब रखकर मिनीमाता चौक, पुराने रेलवे फाटक के पास नाबालिगों को बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें ओमनी कंपनी के 19 सुलेशन ट्यूब मिले। प्रत्येक ट्यूब की कीमत 50 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ये सुलेशन 15 दिन पहले ओडिशा के राउरकेला से 60 रुपये प्रति ट्यूब की दर से खरीदे थे। वह इन्हें नाबालिग बच्चों को ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमा रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि गिरफ्तारी से ठीक पहले उसने एक किशोर को 100 रुपये में एक ट्यूब बेचा था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। नशाखोरी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।












