रायगढ़

चक्रधर समारोह में 19 सितंबर को सजेगी काव्य संध्या, देशभर के नामचीन कवि बिखेरेंगे रंग

Advertisement

14 से 23 सितंबर तक रामलीला मैदान में होगा 41वां अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह

रायगढ़। महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 की तैयारियों के बीच साहित्य प्रेमियों के लिए भी खास शाम सजने जा रही है। रायगढ़ के रामलीला मैदान में 14 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस दस दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन में 19 सितंबर की रात देश के चर्चित कवियों की काव्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

हास्य-व्यंग्य से लेकर वीर रस और गीतों तक रंगारंग प्रस्तुतियां

19 सितंबर को रात 9 बजे से काव्य संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे ख्यातिप्राप्त कवि हास्य-व्यंग्य, वीर रस और गीतों के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। साहित्य और कविता से सजी यह शाम समारोह के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होगी।

पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा सहित कई चर्चित कवि होंगे शामिल

काव्य संध्या में दिल्ली के पद्मश्री सम्मानित सुरेंद्र शर्मा हास्य रस की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। वहीं दिल्ली के डॉ. प्रवीण शुक्ला हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुति देंगे।

लखनऊ की कविता तिवारी वीर रस की कविताओं के जरिए ओज और उत्साह का संचार करेंगी। रायपुर की शशि सुरेंद्र दुबे और उज्जैन के दिनेश दिग्गज हास्य काव्य प्रस्तुत करेंगे।

गीतों से सजेगी साहित्यिक शाम

इंदौर के अमन अक्षर गीतों की प्रस्तुति देंगे, जबकि भिलाई के किशोर तिवारी अखिल भारतीय गीतों के माध्यम से काव्य संध्या को खास रंग देंगे। अलग-अलग काव्य विधाओं और शैलियों के कवियों की मौजूदगी से 19 सितंबर की यह शाम साहित्य एवं संस्कृति प्रेमियों के लिए विशेष रहने की उम्मीद है।

दस दिनों तक सुर, ताल और नृत्य का संगम

41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह में स्थानीय प्रतिभाओं के साथ देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 14 से 23 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में संगीत, नृत्य और साहित्य की विविध प्रस्तुतियां रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा देंगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button