गेरवानी शराब दुकान में गार्ड पर फायरिंग का आरोपी बिहार से गिरफ्तार, खेत में छिपा मिला

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आरोपी दूसरे राज्य में जाकर छिप गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी सुराग, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर की गई पतासाजी के आधार पर आरोपी की पहचान कर बिहार में दबिश दी, जहां वह खेत में छिपा मिला।
विवाद के बाद गार्ड पर चलाई गोली
जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की रात गेरवानी स्थित शराब दुकान में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात चन्द्रशेखर पटेल (43) ड्यूटी पर थे। वे रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी कर रहे थे। करीब 10:30 बजे एक युवक अपने साथी के साथ शराब दुकान के सामने पहुंचा और गाली-गलौज एवं मारपीट की बात को लेकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि युवक ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायर कर दिया। गोली चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी।
गोली लगने के बाद पीछे छिपकर बचाई जान
फायरिंग के बाद घायल गार्ड जान बचाने के लिए शराब दुकान के आहाता के पीछे जाकर छिप गए। उन्होंने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
बिहार भाग गया था आरोपी
पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस को उसके बिहार के जमुई जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पूंजीपथरा पुलिस की टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस ने आरोपी को खेत में छिपे होने के दौरान गिरफ्तार कर लिया और उसे रायगढ़ लाया गया है।
घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया पिस्टल भी बरामद किया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारण, उसके साथी और हथियार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






