Raigarh Double Murder Case : 72 घंटे में ब्लाइंड डबल मर्डर का खुलासा, जमीन विवाद में दंपति की हत्या कर शव जलाने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल और पुलिस डॉग रूबी की मदद से सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, टांगी से हत्या कर साक्ष्य मिटाने की रची थी साजिश
रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वर्षों पुराने जमीन विवाद की रंजिश में दो सगे भाइयों ने दंपति की टांगी से हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शवों व घर में आग लगा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम और पुलिस डॉग रूबी की मदद से ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जमीन विवाद बना दोहरे हत्याकांड की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी श्याम लाल राठिया (32) और उसके बड़े भाई जीवन लाल राठिया (48) का मृतक मंगल राठिया (65) से वर्षों पुराना भूमि विवाद चल रहा था। वर्ष 2013 में खरीदी गई जमीन बाद में अधिक कीमत पर मंगल राठिया को बेच दी गई थी। रकम वापस मिलने के बावजूद मृतक उसी जमीन पर खेती और मकान बना रहा था, जिससे दोनों भाई रंजिश रखते थे। इसी विवाद के चलते 14 जुलाई 2026 की रात दोनों ने मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55) की टांगी से हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव और घर में लगाई आग
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को हादसा साबित करने के उद्देश्य से शवों पर कपड़े, सोफा कवर और अन्य सामान डालकर आग लगा दी। साथ ही घर के दो कमरों में भी आग लगा दी, ताकि हत्या के सबूत नष्ट हो जाएं।
पुलिस डॉग रूबी और वैज्ञानिक जांच से खुला राज
15 जुलाई की सुबह घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और हत्या में प्रयुक्त टांगी की गंध लेकर पुलिस डॉग रूबी सीधे संदेही श्याम लाल राठिया तक पहुंची। वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी जांच और अलग-अलग पूछताछ के दौरान दोनों भाइयों ने हत्या की साजिश और वारदात कबूल कर ली।
टांगी और वारदात के कपड़े बरामद
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी ने कानून का रास्ता अपनाने की अपील की
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि भूमि विवाद या किसी भी प्रकार के आपसी विवाद का समाधान कानून के दायरे में ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षणिक आवेश में उठाया गया हिंसक कदम कई जिंदगियां तबाह कर देता है। उन्होंने धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम और पुलिस डॉग रूबी की संयुक्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक जांच और समन्वित प्रयासों से इस ब्लाइंड डबल मर्डर का सफल खुलासा संभव हो सका।







