Raipur Crime : रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिलने से सनसनी, कर्ज से परेशान होकर सामूहिक आत्महत्या की आशंका

टिकरापारा के संजय नगर स्थित घर में पति-पत्नी और तीन बच्चों के शव मिले, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर के मदनी चौक में शनिवार को एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पति-पत्नी और तीन बच्चों की मौत
पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर सूचना दी। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो वहां परिवार के पांच सदस्यों के शव मिले। मृतकों की पहचान साजिद अली, उनकी पत्नी, 19 वर्षीय बेटे तथा 17 और 16 वर्षीय दो बेटियों के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में कर्ज का तनाव सामने आया
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार का मुखिया भारी कर्ज के दबाव में था। इसी तनाव के चलते उसने पहले परिवार के अन्य सदस्यों को कथित रूप से जहर दिया और बाद में स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
एफएसएल टीम जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बताया जा रहा है कि परिवार करीब आठ महीने पहले ही इस मकान में रहने आया था। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।







