रायगढ़

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने की समीक्षा

Advertisement

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर

जिला मुख्यालय। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के सफल और व्यापक क्रियान्वयन को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

अभियान को जनभागीदारी से बनाने पर जोर

समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को अभियान से जुड़ी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान महज कार्यक्रमों का आयोजन नहीं है, बल्कि यह 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है।

पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

मंत्री नेताम ने कहा कि अभियान के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। साथ ही पात्र नागरिकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी पहल की जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

सेवा गतिविधियों को मिलेगा व्यापक स्वरूप

अभियान के तहत जनभागीदारी आधारित विभिन्न सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को इन गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि अभियान का सीधा लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच सके।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भागीदारी जरूरी

प्रभारी मंत्री ने अभियान की सफलता के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सकता है।

अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अभियान की तैयारियों और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अभियान के प्रत्येक चरण को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button