रायगढ़

तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौत

Advertisement

पुसौर के तेतला मुख्य मार्ग पर हुआ हादसा, दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार

पुलिस ने शव अस्पताल भेजकर शुरू की जांच, देर शाम हुई मृतक की पहचान

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रायगढ़ की ओर आ रहा था, तभी ग्राम तेतला के पास पीछे से आए एक भारी वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम रनभाठा निवासी सुरेश राम अनंत (पिता पतिराम अनंत) मंगलवार दोपहर बाइक से किसी काम के सिलसिले में रायगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेतला गांव के पास मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान भारी वाहन के पिछले पहिए की चपेट में आने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी। घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुसौर पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मृतक के शव को पुसौर अस्पताल भेज दिया।

देर शाम हुई मृतक की पहचान

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई। देर शाम उसकी पहचान ग्राम रनभाठा निवासी सुरेश राम अनंत के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।

परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात भारी वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button