छत्तीसगढ़

जशपुर के 13 गांवों के 3,921 किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ, 79.38 करोड़ की परियोजना का भूमिपूजन

Advertisement
Advertisement Carousel

बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना से 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगी पानी की सुविधा, खरीफ के साथ रबी फसल की खेती को भी मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने किया परियोजना का भूमिपूजन

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके जरिए 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

खरीफ के साथ रबी फसल की खेती को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण किसानों को कई बार बारिश और मौसम पर निर्भर रहना पड़ता है। परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को खरीफ के साथ रबी की फसल के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे किसान साल में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।

मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना की खासियत आधुनिक तकनीक आधारित संचालन व्यवस्था है। सिंचाई प्रणाली को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ में इस तरह की तकनीक पर आधारित पहली परियोजना बताया। इससे जल प्रबंधन को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

मैनी नदी पर बनेगा बगिया बैराज

परियोजना के तहत मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में बैराज का निर्माण किया जाएगा। यह स्थान मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है। परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

किसानों की खुशहाली और कृषि विकास को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बैराज के निर्माण से वर्षभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। समय पर सिंचाई के लिए पानी मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और खेती में नई संभावनाएं विकसित होंगी। सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं मिलें, खेती की लागत कम हो और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो।

उन्होंने परियोजना के भूमिपूजन पर किसानों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button