Uncategorised
रायगढ़ में दंतैल हाथी की एंट्री से मचा हड़कंप, पोल्ट्री फार्म में घुसकर तिरपाल खींचा

रायगढ़। जिले के धर्मजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज अंतर्गत ऐड़ू गांव में बीती रात एक दंतैल हाथी के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भोजन की तलाश में भटके इस हाथी ने अचानक गांव के पोल्ट्री फार्म की ओर रुख किया और वहां रखे तिरपाल को खींचने लगा।
अचानक इतने बड़े हाथी को देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सायरन बजाकर हाथी को वहां से दूर भगाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से भटककर हाथियों का गांव की ओर आना अब आम बात हो गई है, जिससे लोग हमेशा भय के साये में रहते हैं। फिलहाल वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जानकारी के अनुसार, पोल्ट्री फार्म में घुसा यह हाथी इस समय साजाखार जंगल में विचरण कर रहा है।






