रायगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर: दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

रायगढ़ । जिले में बीते 24 घंटे के भीतर आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की जान चली गई। घरघोड़ा और छाल थाना क्षेत्र में हुई अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया है।
घरघोड़ा घटना
घरघोड़ा नगर के वार्ड क्रमांक 4 निवासी संजय भारद्वाज (30 वर्ष) और उसका दोस्त अनिप उरांव (24 वर्ष), पिता गणेश उरांव, बुधवार को मुरली तालाब में मछली पकड़ने गए थे। शाम करीब 5 बजे मौसम बिगड़ने पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए।
संजय भारद्वाज तालाब में ही गिर पड़ा और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि अनिप उरांव कुछ दूरी पर गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल घरघोड़ा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। अनिप की हालत गंभीर है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छाल की घटना
इसी तरह छाल थाना क्षेत्र के ग्राम मुनुंद निवासी खातिरराम राठिया (26 वर्ष) की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वह बुधवार रात करीब 8 बजे किसी काम से उप स्वास्थ्य केंद्र की ओर जा रहा था, तभी अचानक आसमानी बिजली की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
लगातार घटनाओं से दहशत
गौरतलब है कि छाल क्षेत्र में इससे पहले गंजाईपाली गांव में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों और तीन बकरियों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।












