रायगढ़ में धूमधाम से मनाई जाएगी महाराजा अग्रसेन जयंती, 55 से अधिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

रायगढ़। नगर के अग्र समाज द्वारा इस वर्ष भी महाराजा श्री अग्रसेन की 5149वीं जयंती भव्य और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाई जाएगी। यह दस दिवसीय आयोजन 12 सितंबर से 22 सितंबर तक चलेगा, जबकि समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण 24 सितंबर को होगा।
इस बार आयोजन को और भी विशेष बनाने के लिए कुल 55 विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रमों का आयोजन अग्रोहा भवन, रायगढ़ क्लब, निगम ऑडिटोरियम, रेड क्वीन, मिनी स्टेडियम और रायगढ़ स्टेडियम में किया जाएगा।
अग्र समाज समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस बार सभी आयु वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर कार्यक्रम तय किए गए हैं। छोटे बच्चों के लिए अन्नप्राशन संस्कार, युवाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता, महिलाओं के लिए सांस्कृतिक एवं पारंपरिक प्रतियोगिताएं और बुजुर्गों के लिए विशेष आयोजन रखे गए हैं। इसके अलावा राजस्थानी लोकनृत्य, मिस एवं मिसेस अग्रवाल प्रतियोगिता, रील बनाओ प्रतियोगिता जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी शामिल हैं।
कार्यक्रमों की सूची में इस वर्ष ह्यूमन लूडो, बॉक्स क्रिकेट, सांप-सीढ़ी, पिट्ठुल, स्नूकर, बैडमिंटन, पिकल बॉल, जुंबा डांस, एयर राइफल, मटका फोड़, खो-खो, 100 मीटर दौड़, धीमी स्कूटी, गोला फेंक, भाला फेंक, शतरंज, कैरम, योगा चैलेंज, फायरलेस कुकिंग, फैंसी ड्रेस, विज्ञान प्रदर्शनी, छत्तीसगढ़ी व्यंजन, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता सहित कई रोचक खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी।
साथ ही 50 वर्ष पूरे कर चुके अग्र दंपतियों का सम्मान, बुजुर्ग महिलाओं के लिए नए कार्यक्रम, और पारिवारिक एवं सामूहिक प्रस्तुतियां इस जयंती को और यादगार बनाएंगी।












