मितानिन दिवस पर 179 मितानिन बहनों का सम्मान, महापौर ने सेवाओं को बताया ईश्वरीय कार्य

रायगढ़ । मितानिन दिवस के अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने मितानिन बहनों की सेवाओं को ईश्वरीय कार्य बताते हुए कहा कि समाज में उनके अमूल्य योगदान का सम्मान करना हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मितानिनों के सम्मान को लेकर सार्थक चर्चा के बाद आज कमला नेहरू पार्क में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सेवा दे रही 179 मितानिन बहनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। महापौर ने कहा कि मितानिन बहनें घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पूरे समाज के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण जागरूकता, कुपोषण पहचान, प्राथमिक उपचार और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने जैसे दायित्वों को वे पूरी निष्ठा से निभा रही हैं।
निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने मितानिनों के योगदान को अतुलनीय बताते हुए कहा कि वे शासन की स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सम्मान समारोह में एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, पंकज कंकरवाल, अमित शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, बड़ी संख्या में मितानिन बहनें और उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम गरिमामय और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।












