Advertisement
CG Atikraman Bulldozer Action: छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर के गंगापुर नालापारा इलाके में आज 24 मार्च मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया। मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित जमीन पर बने अवैध कब्जों को हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर आक्रोशित लोगों ने पुलिस और जेसीबी पर पथराव कर दिया, जिससे कुछ वाहनों को नुकसान भी पहुंचा।
35 से ज्यादा मकानों को तोड़ा
प्रशासन ने करीब 5 से 7 एकड़ जमीन पर बने अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। इस दौरान 35 से ज्यादा मकानों को तोड़ा गया। कई परिवार अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं थे। जिससे वह बुलडोजर के सामने खड़े होकर विरोध करते रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लोगों को हटाया, जिसके बाद अवैध निर्माण तोड़ने की कार्रवाई जारी रही। प्रशासन ने लोगों को पहले ही सामान निकालने का समय दिया था, लेकिन इसके बावजूद विरोध जारी रहा।
पुराना विवाद, कोर्ट तक पहुंचा मामला
प्रशासन के अनुसार, इस जमीन पर 37 लोगों का वर्षों से कब्जा था। इन्हें पहले भी नोटिस दिया गया था और मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। अदालत से याचिका खारिज होने के बाद हाल ही में अंतिम नोटिस जारी किया गया। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
लोगों का आरोप
स्थानीय लोग और पूर्व पार्षद ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं ऐसे में उन्हें घर खाली करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की कार्रवाई जारी है।
Advertisement
Advertisement