छत्तीसगढ़
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, बादलों और बारिश से मिली राहत, अब फिर बढ़ेगी गर्मी


CG Weather Today: उत्तर छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से छाए बादलों और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से बड़ी राहत दी है। सरगुजा संभाग के कई इलाकों में बुधवार को भी मौसम सुहाना बना रहा और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
हालांकि, अब मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि गुरुवार से धीरे-धीरे बादल छंटने शुरू होंगे और आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। विभाग के अनुसार शनिवार के बाद मौसम फिर गर्म होने लगेगा और अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसम प्रणालियों के असर से लगातार बादल छाए हुए हैं। इसी वजह से सरगुजा, बलरामपुर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर बना हुआ है।
मई के पहले सप्ताह में जहां आमतौर पर तेज गर्मी और लू का असर रहता है, वहां इस बार लोगों को राहत महसूस हुई। लगातार बादल रहने की वजह से दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है।
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज समेत कई इलाकों में बुधवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश का असर यह रहा कि रामानुजगंज से गुजरने वाली कन्हर नदी का एनीकट पूरी तरह भर गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक एक सप्ताह पहले तक एनीकट पूरी तरह सूखा पड़ा था। अब पानी भरने से गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीण इलाकों में किसान भी इस बारिश को फायदेमंद मान रहे हैं।
/bansal-news/media/post_attachments/80998274-923.png)
मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार और शुक्रवार को भी संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कमजोर पड़ने लगा है, इसलिए बादल धीरे-धीरे छंटेंगे।
विभाग का अनुमान है कि शनिवार के बाद मौसम साफ होने लगेगा और इसके साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज होगी। आने वाले दिनों में गर्म हवाओं और उमस का असर फिर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर में बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन लगातार बादल छाए रहने की वजह से तापमान में गिरावट बनी रही। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है।
वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मई के पहले सप्ताह में यह अब तक का सबसे कम औसत तापमान माना जा रहा है।