महासमुंद में हीरे की बड़ी खोज: सरायपाली के बलौदा बेलमुंडी ब्लॉक में 1.22 कैरेट के 5 हीरे मिले

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से खनिज क्षेत्र में एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है, जिसने देशभर के खनिज अन्वेषण क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया है। सरायपाली क्षेत्र के बलौदा बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में वैज्ञानिक अन्वेषण के दौरान 200 टन खनिज सामग्री की प्रोसेसिंग में 5 हीरे प्राप्त हुए हैं, जिनका कुल वजन 1.22 कैरेट बताया गया है।
वैज्ञानिक अन्वेषण में मिली सफलता
एनएमडीसी और छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (सीएमडीसी) की संयुक्त कंपनी एनएमडीसी-सीएमडीसी लिमिटेड ने इस खोज की आधिकारिक पुष्टि की है। कंपनी के अनुसार स्ट्रीम सेडिमेंट सैंपलिंग, जियोफिजिकल सर्वे और 500 मीटर गहरी एक्सप्लोरेटरी ड्रिलिंग के बाद क्षेत्र को संभावित हीरा क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया था।
इसके बाद 200 टन खनिज सामग्री को मध्यप्रदेश के पन्ना स्थित डायमंड प्रोसेसिंग प्लांट भेजा गया, जहां जांच के दौरान 5 हीरे प्राप्त हुए।
खनिज भंडार की संभावनाएं और बढ़ीं
विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज केवल शुरुआती चरण की सफलता है, लेकिन इससे इस क्षेत्र में बड़े हीरा भंडार की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं। यह भारत के खनिज अन्वेषण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
कंपनी ने 22 जून 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में इस खोज की पुष्टि की है। इसके बाद अब पूरे क्षेत्र में आगे और विस्तृत सर्वेक्षण की संभावनाएं बढ़ गई हैं।







