रायगढ़

OP Jindal University Raigarh : राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में छठवां दीक्षांत समारोह संपन्न, 688 विद्यार्थियों को मिली उपाधि

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ का छठवां दीक्षांत समारोह शनिवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका रहे। इस अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड के चेयरमैन एवं सांसद नवीन जिंदल, विश्वविद्यालय की चांसलर शालू जिंदल, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, जिंदल स्टील रायगढ़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देबोज्योति रॉय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

688 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 84 मेधावियों का सम्मान

दीक्षांत समारोह में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और स्कूल ऑफ साइंस के कुल 688 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 84 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 27 स्वर्ण, 28 रजत और 29 कांस्य पदक प्रदान किए गए।

राज्यपाल बोले— शिक्षा का उद्देश्य समाज की सेवा

मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुसंधान कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान का उपयोग समाज और मानवता के कल्याण के लिए करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य करने का आह्वान किया, जो समाज के लिए स्थायी रूप से लाभकारी सिद्ध हो।

नवीन जिंदल ने कौशल विकास पर दिया जोर

जिंदल स्टील लिमिटेड के चेयरमैन एवं सांसद नवीन जिंदल ने विद्यार्थियों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को नवाचार और आधुनिक तकनीकों में दक्ष युवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और उभरती तकनीकों में कौशल विकास पर विशेष जोर दिया और कहा कि जिंदल स्टील उद्योग की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का संदेश

विश्वविद्यालय की चांसलर शालू जिंदल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नए अवसरों और जिम्मेदारियों की शुरुआत है। वहीं प्रो. विजय कुमार गोयल ने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत, उपलब्धियां साझा

कार्यक्रम की शुरुआत अकादमिक प्रोसेशन और दीप प्रज्वलन से हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अधोसंरचना के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की जानकारी दी। अंत में कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button