गुरसियां में पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

करीब 10 हजार लीटर ज्वलनशील ईंधन लोड होने की जानकारी, चालक-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान; दोनों ओर वाहनों की कतार
कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल और डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड होने की जानकारी सामने आई है। आग की तेज लपटों के कारण घटनास्थल पर बड़ा खतरा बना रहा।
टैंकर स्टार्ट करते ही भड़की आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वार्डफनगर की ओर जा रहा था। गुरसियां के पास चालक खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही उसने टैंकर को दोबारा स्टार्ट किया, पार्किंग के पास अचानक आग भड़क उठी।
कुछ ही देर में आग ने टैंकर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
चालक और कंडक्टर ने समय रहते बचाई जान
आग लगते ही टैंकर में मौजूद चालक और कंडक्टर तत्काल बाहर निकल आए। दोनों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
हाईवे पर यातायात प्रभावित, दोनों ओर लगी वाहनों की कतार
टैंकर में आग लगने के कारण नेशनल हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो गया। आग की वजह से सुरक्षा को देखते हुए दोनों ओर वाहनों को रोकना पड़ा, जिससे हाईवे पर लंबी कतार लग गई। पुलिस और संबंधित अमला मौके पर स्थिति संभालने में जुटा रहा।
घटना के कारण आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही टैंकर में मौजूद ईंधन की स्थिति और आसपास की सुरक्षा को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।






