रायगढ़

शीतला माता मंदिर की दो मढ़ियां तोड़े जाने से खरसिया में आक्रोश, मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

Advertisement

बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान मजदूरों पर मंदिर परिसर में तोड़फोड़ का आरोप, पुलिस ने मजदूरों को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी ले गई

खरसिया। हमालपारा स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर परिसर में बिजली पोल शिफ्टिंग के काम के दौरान मंदिर की दो मढ़ियां क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुट गए और विरोध जताने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, नगर पालिका सीएमओ और पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे।

पोल शिफ्टिंग के दौरान हुई घटना

बताया गया कि गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के तहत बिजली के खंभों को शिफ्ट करने का काम चल रहा था। इसी दौरान ठेकेदार के मजदूरों ने शीतला माता मंदिर परिसर में स्थित दो मढ़ियों को कथित तौर पर सब्बल और घन की मदद से तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की खबर से लोगों में नाराजगी बढ़ गई और देखते ही देखते काफी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए।

धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात, कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में इस तरह की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि धार्मिक स्थल से जुड़े निर्माण को हटाने या क्षतिग्रस्त करने से पहले जिम्मेदार लोगों को स्थानीय लोगों और प्रशासन को जानकारी देनी चाहिए थी। लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

मामले की सूचना मिलते ही खरसिया एसडीएम प्रवीण भगत, तहसीलदार, एसडीओपी भार्गव, पुलिस चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी तथा नगर पालिका सीएमओ सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

ठेकेदार से संपर्क की कोशिश, मजदूरों को पुलिस चौकी ले गई

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर की मढ़ियों को तोड़े जाने के लिए बिजली पोल शिफ्टिंग का काम कर रहे ठेकेदार नरेंद्र साहू की ओर से मजदूरों को भेजे जाने की बात सामने आई है। वहीं, घटना के बाद ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास किए जाने की भी जानकारी दी गई।

स्थिति को देखते हुए पुलिस मजदूरों को सुरक्षा की दृष्टि से अपने साथ खरसिया पुलिस चौकी ले गई, जहां मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस चौकी में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद हमालपारा के निवासियों ने खरसिया पुलिस चौकी में लिखित आवेदन सौंपकर मंदिर परिसर में हुई तोड़फोड़ के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button