छत्तीसगढ़

भारी बारिश को लेकर CM साय का अलर्ट, कलेक्टरों को दिए निगरानी और तत्काल राहत के निर्देश

Advertisement

नदी-नालों और जलमग्न सड़कों से दूर रहने की अपील, आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने को कहा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के प्रशासनिक अमले को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टरों को लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में समस्या उत्पन्न होने पर प्रशासन को बिना देरी किए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है और जिलों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नदी-नालों और जलप्रपातों से दूर रहें लोग

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी, नाले, जलप्रपात और उफनते जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने को कहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है, जिससे खतरा बढ़ सकता है।

उन्होंने जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार करने की कोशिश नहीं करने की अपील की। जिन स्थानों पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए बैरियर लगाए गए हैं, वहां लोगों से निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया है।

रात में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

मुख्यमंत्री ने भारी बारिश के दौरान लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेषकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। उन्होंने गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और विद्युत संबंधी किसी भी खतरे की सूचना तत्काल संबंधित विभाग, स्थानीय प्रशासन या पुलिस को देने की बात कही।

बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

आपात स्थिति में 112 पर करें संपर्क

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 या स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करें। उन्होंने मौसम, बारिश और राहत से संबंधित जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन तथा अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक संदेशों को आगे प्रसारित नहीं करने का भी आग्रह किया है, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की अनावश्यक अफरातफरी की स्थिति न बने।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button