Uncategorised
कुल्लू में बादल फटने से तबाही, तीन दुकानें बहीं – पुल क्षतिग्रस्त, स्कूल-कॉलेज बंद

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की लगघाटी में देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। कनौण गांव की ऊँची पहाड़ियों पर रात ढाई बजे बादल फटने के बाद आए फ्लैश फ्लड से तीन दुकानें बह गईं, जबकि कई जगह खेतों, बाग-बगीचों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बूबू नाले पर बना पुल तेज धारा में बह गया, जिससे गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया। सड़कों पर बड़े-बड़े पत्थर आने से आवाजाही ठप हो गई है। सरवरी खड्ड में जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है।
जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए बंजार और कुल्लू सदर क्षेत्र के सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद करने का आदेश जारी किया है। डीसी कुल्लू एस. रवीश (IAS) ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से कई जगह भूस्खलन, पुल बहने और सड़क बाधित होने की सूचनाएं मिल रही हैं।












