प्रदेश के सक्रिय विधायक की सूची में रायगढ़ का नाम आने से भाजपा की टिकिट के लाइन में लगे नेताओं को हो रहा अपचन-अनिल शुक्ला

भाजपा के लोगों द्वारा उठाये जा रहे सवालो का कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने दिया करारा जवाब…।।
सिंहघोष/रायगढ़-09.02.22- भाजपा के लोगों द्वारा रायगढ़ के सक्रिय विधायक प्रकाश नायक द्वारा किये जा रहे कार्यों व प्रशंसा से बौखलाए भाजपाईयों द्वारा उठाए जा रहे सवाल का जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने करारा जवाब दिया है। एक विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विधायक प्रकाश नायक विधानसभा में लगातार रायगढ़ विधानसभा के जनसमस्याओं और मुद्दों को लेकर हमेशा मुखर रहते हैं। इसी कारण इनका नाम प्रदेश के सक्रिय विधायकों में गिना जा रहा है। हाल ही में कई अखबारों द्वारा उनका नाम प्रदेश के सक्रिय विधायकों की सूची में रखा गया है। यह बात रायगढ़ भाजपा के नेता और भाजपा के टिकट के लिए लाईन में लगे तथाकथित लोग पचा नहीं पा रहे हैं और मिडिया के माध्यम से अनर्गल बयान जारी करते रहते हैं। रायगढ़ शहर की प्रदूषण की समस्या हो अथवा केलो नदी के प्रदूषण की समस्या हो, सड़क की समस्या हो या फिर अन्य प्रमुख जनसमस्या हो विधायक जी ने हमेशा विधानसभा में इन विषयों को रखा है। समय-समय पर इन समस्याओं की ओर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री भूपेश बघेल का ध्यान आकृष्ट कराया है। माननीय मुख्यमंत्री जी ने उनकी मांगों को पूरे गंभीरता से लेते हुए स्वीकृति प्रदान की है। यहां यह बाताना भी जरूरी होगा कि विधायक प्रकाश नायक के प्रयासों से ही रायगढ़ शहरी क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधर रही है। इसी तरह रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की सड़कों को सुधारने के लिए हमारे विधायक जी सतत् प्रयासरत् हैं। उदाहरण के तौर पर रायगढ़ जिले के बहुप्रतिक्षित पड़ीगांव सूरजगढ़ पुल एप्रोच रोड़ का काम भी शुरू हो चुका है। रायगढ़ से जामगांव तक करोड़ों रूपये से सड़क पुर्ननिर्माण का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। चन्द्रपुर से कंचनपुर तथा बरमकेला से नदीगांव सड़क का नवीनीकरण व मरम्मत कार्य का भूमिपूजन अभी कुछ दिन पूर्व ही विधायक श्री नायक के कर कमलों से सम्पन्न हुआ है और बहुत ही जल्द कार्य भी प्रारंभ हो जायेगा। सड़क के साथ-साथ रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र की अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी हमारे विधायक निरंतर कोशिश करते हुए उसे अंजाम तक पहुंचा रहे हैं। भाजपा के नेता कहते हैं कि विधायक समस्याओं के सवालों के लिए है या समाधान के लिए। इस पर विधायक जी का स्पष्ट मानना है कि जब तक सदन का ध्यान समस्याओं को लेकर आकर्षित नहीं किया जायेगा तो उनका निराकरण कैसे होगा ? रायगढ़ विधायक विधानसभा के विकास को लेकर हमेशा गंभीर रहते हैं। भाजपा के पन्द्रह साल के शासनकाल में जो कार्य नहीं हुए वो सभी कार्य कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन लगातार विधायक जी को मिल रहा है, यह बात भाजपा के नेताओं के गले नहीं उतर रही है। रायगढ़ विधानसभा में विधायक श्री प्रकाश नायक के विरूद्ध भाजपा में कोई उम्मीद्वार दिखाई नहीं पड़ता। रायगढ़ बीजेपी के कुछ नेताओं द्वारा विधायक के खिलाफ अनर्गल बयान जारी करने का ट्रेंड सा चल पड़ा है, जिससे उनका नाम लाईम लाईट में आए। भाजपा द्वारा हमेशा नकारात्मक राजनीति की जाती है, जिसका हमेशा कांग्रेस के द्वारा जवाब दिया जाता है।












