छत्तीसगढ़

BRICS की अध्यक्षता भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में मजबूत और प्रभावशाली पहचान बनाई, ग्लोबल साउथ की आवाज को भी मिल रहा सशक्त मंच

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर एक विश्वसनीय और प्रभावशाली शक्ति के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। वर्ष 2026 में भारत को BRICS की अध्यक्षता मिलने और 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिलना देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।

हर भारतवासी के लिए गौरव का अवसर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत के लिए BRICS की अध्यक्षता करना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। भारत इस मंच के माध्यम से अपने राष्ट्रीय हितों को मजबूती से आगे बढ़ाने के साथ-साथ विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ की अपेक्षाओं और चुनौतियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से सामने रख रहा है।

उन्होंने कहा कि “Building Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability” की थीम के साथ भारत की BRICS अध्यक्षता वैश्विक सहयोग, नवाचार और सतत विकास को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत का दृष्टिकोण हमेशा दुनिया के देशों को साथ लेकर चलने और साझा विकास के नए रास्ते तैयार करने का रहा है।

आतंकवाद के खिलाफ भारत का स्पष्ट रुख

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ हमेशा स्पष्ट और दृढ़ रुख अपनाया है। इसके साथ ही डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का भारतीय मॉडल भी दुनिया के लिए प्रेरणा का विषय बन रहा है।

उन्होंने कहा कि BRICS जैसे वैश्विक मंच भारत को अपने अनुभवों, उपलब्धियों और विकास की संभावनाओं को दूसरे देशों के साथ साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

निवेश और रोजगार के नए अवसर

श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का लाभ राज्यों को भी मिल रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत स्थिति निवेश, नई तकनीक, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोल रही है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत का नेतृत्व वैश्विक सहयोग को और मजबूत करेगा, ग्लोबल साउथ की आवाज को प्रभावी बनाएगा तथा दुनिया में साझा विकास और समृद्धि के नए रास्ते तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button