फिडे चेस वर्ल्ड कप 2025 में दिव्या देशमुख की ऐतिहासिक जीत, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई

रायगढ़। फिडे चेस वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में देश की बेटी दिव्या देशमुख ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर देश का नाम रोशन किया। रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिव्या को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि दिव्या का यह प्रदर्शन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।
ओपी चौधरी ने कहा कि 19 वर्षीय दिव्या देशमुख ने कड़ी मेहनत और समर्पण से यह ऐतिहासिक खिताब अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में दिव्या ने भारत की ही दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हंपी को हराकर नया इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ दिव्या चेस वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खेल जीत नहीं, बल्कि भारतीय नारी शक्ति की सशक्त पहचान है। उन्होंने कोनेरू हंपी के प्रदर्शन की भी सराहना की और कहा कि मां भारती की दोनों बेटियों ने अपने शानदार खेल कौशल से दुनिया को भारत की प्रतिभा से परिचित कराया है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिव्या देशमुख और कोनेरू हंपी दोनों को देश का मान बढ़ाने के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को इन दोनों महान खिलाड़ियों से प्रेरणा लेनी चाहिए।






