आरंग में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, 220 पाव शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने बिना नंबर की स्कूटर भी की जब्त, आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरंग। अवैध शराब की तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आरंग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 220 पाव अवैध शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 24,600 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुजुकी स्कूटर भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को आरंग थाना पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम कुरूद की कोटवार गली के आसपास कुछ लोग बड़ी मात्रा में अवैध शराब खपाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू की गई।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से शराब बरामद हुई।
अलग-अलग ब्रांड की 220 पाव शराब जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 220 पाव शराब बरामद की। इसमें 130 पाव गोल्डन गोवा अंग्रेजी शराब, 70 पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) और 20 पाव देशी मदिरा मसाला (रोमियो) शामिल है।
जब्त शराब की कुल कीमत करीब 24,600 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुजुकी स्कूटर को भी आबकारी जब्ती पत्रक के तहत पुलिस ने कब्जे में लिया।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार कोसले, निवासी नवागांव, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार और शिव कुमार साहू, निवासी ग्राम एवं थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार के रूप में की है।
दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार चन्द्रवंशी, आरक्षक युवराज ठाकुर, महेंद्र बघेल, जितेंद्र गेंड्रे और नगर सैनिक दुर्गेश चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।






