प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने किया चक्रधर समारोह का शुभारंभ

भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, महाराजा चक्रधर सिंह को किया नमन
रायगढ़। 41वें चक्रधर समारोह के आयोजन में रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद महाराजा चक्रधर सिंह के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कला के माध्यम से लोगों को जोड़ता है चक्रधर समारोह
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि चक्रधर समारोह कला के माध्यम से लोगों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच है। यहां कला प्रेमियों, कलाकारों और कला साधकों को एक साथ आने और अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
रायगढ़ की कला के प्रति समर्पण की सराहना
प्रभारी मंत्री ने रायगढ़ के कला प्रेमियों और श्रोताओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग देर रात तक बैठकर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते हैं। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति के प्रति रायगढ़ की निरंतर रुचि और समर्पण ही चक्रधर समारोह की विशिष्ट पहचान है।






