अपेक्स बैंक बरमकेला में 18.13 करोड़ गबन मामले में बड़ी कार्रवाई, 8 कर्मचारी बर्खास्त; EOW करेगी विस्तृत जांच

रायगढ़/सारंगढ़-बरमकेला। अपेक्स बैंक की बरमकेला शाखा में सामने आए 18.13 करोड़ रुपये के बहुचर्चित गबन मामले में बैंक मुख्यालय ने दो साल बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित 8 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही अब इस मामले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
तीन मुख्य अधिकारी समेत 8 कर्मचारी बर्खास्त
मुख्यालय की कार्रवाई में तत्कालीन शाखा प्रबंधक डी.आर. वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल को बर्खास्त किया गया है। वहीं पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों — लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास्तव, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष — की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।
17 समितियों के खातों से हुआ था गबन
जांच रिपोर्ट के अनुसार, बरमकेला और सारंगढ़ क्षेत्र की 17 समितियों के केसीसी और डीएमआर खातों से अनाधिकृत लेन-देन कर करोड़ों रुपये का गबन किया गया। अप्रैल 2024 से नवंबर 2024 के बीच 887 किसानों के खातों से राशि निकालकर अन्य खातों में IMPS के माध्यम से ट्रांसफर और नकद आहरण किया गया।
प्रारंभिक जांच में लगभग 9.91 करोड़ रुपये की अनियमितता सामने आई थी, जो बाद में बढ़कर 18.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
EOW करेगी विस्तृत जांच
अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच EOW द्वारा की जाएगी, जिसमें धनराशि के ट्रांजेक्शन, बंटवारे और संभावित संलिप्त अधिकारियों की भूमिका की जांच होगी। इसके अलावा कुछ अन्य अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।
पहले ही दर्ज हो चुकी है FIR
इस मामले में पहले ही कई कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जा चुकी है। आरोप है कि बैंक आईडी का दुरुपयोग कर समितियों और किसानों के खातों से अनाधिकृत तरीके से राशि निकाली गई।
जांच में और बड़े खुलासों की संभावना
सूत्रों के अनुसार, इस घोटाले में और भी बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका सामने आ सकती है। EOW जांच के बाद गबन की पूरी राशि और इसके वितरण से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद सहकारी बैंकिंग व्यवस्था और समितियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।







