रायगढ़

कोड़ातराई में 1.21 करोड़ की लागत से बनेगा पीएम श्री स्कूल भवन

Advertisement

शिक्षक दिवस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया भूमिपूजन, विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं

रायगढ़, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने पुसौर विकासखंड के कोड़ातराई में बनने वाले पीएम श्री स्कूल भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लगभग 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा को बताया समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की बुनियाद है। वर्तमान समय तकनीक और तेजी से बदलती परिस्थितियों का है, ऐसे में विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं और चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना आवश्यक है।

उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें जिज्ञासा, प्रश्न पूछने की आदत, नई सोच और नवाचार की भावना विकसित करें।

बच्चों में इनोवेशन और स्टार्टअप की सोच जरूरी

वित्त मंत्री ने कहा कि बदलते दौर में बच्चों के भीतर नवाचार और स्टार्टअप की सोच विकसित करना समय की जरूरत है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षक ज्ञान और जागरूकता को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को लगातार सीखने और कुछ नया करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

सकरबोगा पहुंचकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शनिवार सुबह रायगढ़ जिले के सकरबोगा गांव का भी दौरा किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और गांव की प्राथमिक जरूरतों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।

बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। विकास योजनाओं को तैयार करते समय स्थानीय लोगों की जरूरतों और सुझावों को भी ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से ग्रामीणों तक पहुंच सके।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुसौर श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती डोलनारायण नायक, जनपद पंचायत सदस्य श्री गोपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button