रायगढ़

हिडमा को लेकर गरमाई सियासत, ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर साधा निशाना; बोले- ‘अगर ये दिमागी नक्सल नहीं तो और क्या है?’

Advertisement

रायगढ़। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर नक्सलवाद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कांग्रेस नेताओं के कथित बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। वीडियो को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर नक्सलवाद को महिमामंडित करने का आरोप लगाया है।

वायरल वीडियो को लेकर ओपी चौधरी का हमला

वायरल वीडियो में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा नक्सली कमांडर हिडमा को रोल मॉडल बताए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हिडमा को प्रेरणादायक बताते नजर आ रहे हैं। इन्हीं बयानों को लेकर ओपी चौधरी ने कांग्रेस नेताओं पर सवाल खड़े किए हैं।

वित्त मंत्री ने कहा, “अगर ये दिमागी नक्सल नहीं तो और क्या है?” उन्होंने कहा कि एक तरफ देश और प्रदेश के जवान नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद होते रहे, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री उसी नक्सली को रोल मॉडल और प्रेरणादायक बता रहे हैं।

‘क्या बयानबाजी से देश की सोच को तोड़ना चाहते हैं?’

ओपी चौधरी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग बंदूक की गोली से देश को तोड़ नहीं पाए, क्या अब वे बयानबाजी के माध्यम से देश की सोच को तोड़ना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से लड़ाई में जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है और ऐसे में नक्सली विचारधारा से जुड़े लोगों को महिमामंडित करना गंभीर विषय है।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया नक्सलवाद के महिमामंडन का आरोप

ओपी चौधरी के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के आसार हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस नक्सलवाद को महिमामंडित कर रही है और नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए जवानों के बलिदान का अपमान कर रही है।

ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी, जवान और आम जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने कहा कि देशहित, देशभक्ति और नक्सलवाद के बीच का अंतर जनता के सामने स्पष्ट है। बयान के बाद प्रदेश की सियासत में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button