छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर: भीषण लू और बढ़ते तापमान से जनजीवन बेहाल, लोगों की बढ़ीं मुश्किलें

रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है, जबकि दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए हीट वेव अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
धमतरी सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान धमतरी में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बेमेतरा में 45.4 डिग्री, बालोद और कवर्धा में 44.7 डिग्री तथा बिलासपुर में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया, जहां तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
तेज धूप और लू के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है। गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं ठंडे पेय पदार्थों और पानी की मांग बढ़ गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तापमान ऊंचा बने रहने की संभावना जताई है। विभाग ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की अपील की गई है।







