रायगढ़

नशामुक्त युवा विकसित भारत अभियान : एमसीबी और रायगढ़ में युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़/एमसीबी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ रविवार को देशभर में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ के एमसीबी और रायगढ़ जिले में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।

एमसीबी में स्वास्थ्य मंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना और नशामुक्त भारत की शपथ ली।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लंबे समय तक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रायगढ़ में युवाओं को दिलाया गया नशामुक्ति का संकल्प

रायगढ़ में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. के मार्गदर्शन में युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों और अधिकारियों ने नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी। युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

हर रविवार होंगे जागरूकता कार्यक्रम

जिला प्रशासन के अनुसार यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। इसके तहत आगामी 109 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार जागरूकता अभियान, संवाद कार्यक्रम, शपथ, जनभागीदारी और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button