रायगढ़

नवरात्रि और दशहरा पर सुरक्षा को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह सख्त, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की निगरानी

Advertisement

अपराध समीक्षा बैठक में थाना प्रभारियों को दिए निर्देश, दुर्गा पंडालों और गरबा-डांडिया आयोजनों पर रहेगी विशेष नजर; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

आगामी नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली।

बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने, लंबित अपराधों का समयबद्ध निराकरण करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

दुर्गा पंडालों और गरबा-डांडिया आयोजनों पर विशेष निगरानी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों, दशहरा उत्सव और अन्य बड़े आयोजनों की जानकारी लेकर आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत रखने और क्षेत्र में होने वाले प्रत्येक बड़े आयोजन की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। आयोजन समितियों द्वारा पूर्व सूचना नहीं दिए जाने की स्थिति में नियमानुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई करने को भी कहा गया।

रात में पेट्रोलिंग, सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विशेष निगरानी करेगी। गरबा-डांडिया सहित बड़े आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

आयोजन समितियों को रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए स्वयंसेवक तैनात करने, दुर्गा पंडालों की नियमित निगरानी रखने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। शहर और संवेदनशील इलाकों में देर रात तक पुलिस पेट्रोलिंग भी की जाएगी।

फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई

अपराध समीक्षा बैठक में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और लंबित अपराधों के निराकरण में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को नवीन आपराधिक कानूनों के तहत लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने और त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी

त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने अधिकारियों को ऐसी गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए।

पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9479193299 और डायल 112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा पर्व मना सकें।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button